ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। एम्स संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक प्रोफेसर डॉ. रवि कांत ने पांच अत्याधुनिक आपरेशन थियेटरों का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि संस्थान में दशहरा पर्व तक दस और मोड्यूलर ऑपरेशन थिएटर भी तैयार किए जाएंगे, जिससे ऑपरेशन की वेटिंग कम हो जाएगी। डॉ. रवि कांत ने कहा कि हमें इलाज के साथ साथ रोकथाम की ओर गौर करना होगा। दूसरी ओर एम्स में मरीजों को कम दाम में अच्छी जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए संस्थान के फार्माकोलॉजी विभाग द्वारा संचालित जन औषधि केंद्र का उद्घाटन किया गया। निदेशक प्रो. रवि कांत ने कहा कि एम्स गरीबों को न्यूनतम दरों पर इलाज उपलब्ध करा रहा है, औषधि केंद्र से अब और अधिक सस्ती और अच्छी दवाइयां भी मरीजों को उपलब्ध हो सकेंगी।
बताया कि ओपीडी काउंटर की भीड़ कम करने के लिए बनाए गए 15 नए काउंटरों की शुरुआत भी की गई है। एम्स में आने वाले मरीजों के लिए सौगात के तौर पर निदेशक ने नाक, कान और गला विभाग में वर्टिगो लैब और स्पीच लैब, न्यूरोलोजी विभाग में न्यूरो लैब, भौतिक चिकित्सा विभाग में गेट लैब और एडवांस रोबोटिक पुनर्वास सिस्टम, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग में नेट और एडवांस इम्मयूनो हेमाटोलोजी सेटअप उपलब्ध होने की बात कही। इस दौरान एम्स के विद्यार्थियों, चिकित्सकों व संकाय सदस्यों के चिकित्सकीय कौशल के विकास के लिए सिमुलेशन लैब का शुभारंभ भी किया गया।