ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। महाविद्यालयों में स्नातक स्तर पर सेमेस्टर प्रणाली के विरोध में एबीवीपी शुक्रवार से दो दिवसीय हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगी। बृहस्पतिवार को चारधाम बस ट्रांजिट कंपाउंड परिसर स्थित प्रेस क्लब में एबीवीपी की जिला प्रमुख अंजलि शर्मा ने बताया कि परिषद कॉलेजों में सेमेस्टर प्रणाली के विरोध में है। पूर्व में भी परिषद का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री व शिक्षामंत्री को ज्ञापन सौंपकर मांग उठा चुका है। सेमेस्टर प्रणाली से छात्रों पर बोझ, वर्ष में दो सेमेस्टर व चार बार आंतरिक परीक्षाएं, परीक्षा परिणाम में देरी, शिक्षकों की कमी से अव्यवस्था, शुल्क का बोझ और परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने से यह प्रणाली समाप्त की जानी चाहिए।
बताया कि परिषद शनिवार को विश्वविद्यालय प्रशासन व महाविद्यालय में प्राचार्य को ज्ञापन सौंपेगी, जबकि 19 को इस बाबत जनप्रतिनिधियों का घेराव, 20 को प्रत्येक कॉलेज कैंपस में प्रदेश सरकार का पुतला दहन व 21 को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी। परिषद की जिला प्रमुख अंजलि शर्मा ने बताया कि पीजी ऑटोनॉमस कॉलेज के एनएसयूआई के कार्यकर्ता पंकज कुमार समेत 50 कार्यकर्ता एबीवीपी में शामिल हुए हैं। इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अमित गांधी, संयोजक विनोद चौहान, नगर अध्यक्ष राकेश भंडारी, दीक्षा सेमवाल, श्वेता पंवार, अतुल उनियाल, पारसनाथ, राहुल बडोनी, ऋषभ जैन, रवि कुमार, शिवानी मारतोलिया, विनायक शर्मा, सौरभ भट्ट, मुकेश शाह, निर्मला चौहान, आशा पुंडीर, कुलदीप, तृप्ति तिवारी, प्रीति सिंह, पूनम ठाकुर, दीपक गुप्ता, रजत कुमार, साक्षी रावत, राहुल राजभर, सरिता, आंचल आदि मौजूद थे।