ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती ।
प्रयत्न सामाजिक संस्था की ओर से स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को लक्ष्मणझूला से स्वर्गाश्रम तक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें 100 फीट लंबा तिरंगा झंडा मुख्य आकर्षक का केंद्र रहा। संस्था अध्यक्ष अश्वनी गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित तिरंगा यात्रा को क्षेत्रीय विधायक ऋतु भूषण खंडूड़ी ने रवाना किया। इस दौरान तिरंगा यात्रा में शामिल विभिन्न संगठनों के लोगों व छात्र- छात्राओं ने भारत माता की जय, वंदेमातरम, शहीदों का यह बलिदान याद रखेगा हिंदुस्तान आदि के नारे लगाए। तिरंगा यात्रा लक्ष्मणझूला से शुरू होकर स्वर्गाश्रम ट्रस्ट, गीता भवन, परमार्थ निकेतन होते हुए आगे बढ़ी और वानप्रस्थ आश्रम घाट पर संपन्न हुई।
इस दौरान वानप्रस्थ घाट पर राष्ट्रगान के बाद जम्मू- कश्मीर में शहीद हुए तीर्थनगरी के शहीद जवानों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर संजीव शर्मा, अर्जुन भंडारी, मोहन नागर, नवीन शर्मा, संजीव प्रजापति, हरि सिंह रावत, अनिल मेहरोत्रा, विनीता शर्मा, पूनम तड़ियाल, पूजा आर्य, बबली देशवाल, ओमप्रकाश शर्मा, त्रिवेंद्र नेगी, मनीष राजपूत, गोपाल अग्रवाल, गजेंद्र नागर, राकेश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, जीतू अवस्थी, रामजी पांडे, दीपा मिश्रा आदि मौजूद थे।