श्रीनगर। गढ़वाल विवि प्रशासन ने बीएड व एमएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग तिथियां घोषित कर दी हैं। बीएड मे प्रवेश के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त व एमएड में प्रवेश के लिए पंजीकरण की तिथि 27 अगस्त नियत की गई है।
गढ़वाल विवि के बीएड प्रवेश परीक्षा संयोजक प्रो. पीके जोशी ने बताया कि बीएड प्रवेश परीक्षा वर्ष 2018 में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थी प्रवेश के लिए आन लाइन आवेदन 21 अगस्त तक कर सकते हैं। प्रवेश के लिए मेरिट सूची के आधार पर 23 अगस्त को सीट आवंटित की जाएगी। बिड़ला परिसर में 100, टिहरी परिसर में 50 व पौड़ी परिसर में 50 स्ववित्त पोषित सीटें हैं। बीएड के लिए न्यूनतम अर्हता उपाधि गढ़वाल विवि से प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के लिए पांच प्रतिशत कैंपस वैटेज देय होगा। एमएड में प्रवेश के लिए छात्र 27 अगस्त तक पंजीकरण करा सकते हैं। 28 अगस्त को मेरिट सूची जारी कर दी जाएगी। इसी दिन प्रवेश भी दिए जाएंगे।