गोपेश्वर। पीजी कॉलेज गोपेश्वर की विभिन्न मांगों के लिए आंदोलन कर रहे छात्रों का आंदोलन रंग लाया है। महाविद्यालय में पुस्तक क्रय के लिए श्रीदेव सुमन विवि प्रशासन की ओर से तेरह लाख 53 हजार रुपये की स्वीकृति दे दी गई है और महाविद्यालय में प्रवेश की तिथि 18 अगस्त कर दी गई है। मंगलवार को महाविद्यालय पहुंचे श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति प्रो. यूएस रावत ने मांगों पर कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया और अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया।
कुलपति के निर्देश पर प्राचार्य डा. केएल मालगुड़ी ने छात्रों को मांगों पर कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में संस्कृत इतिहास, शिक्षाशास्त्र, गृह विज्ञान, सैन्य विज्ञान और बीकॉम में 20-20 सीटें बढ़ा दी गई हैं। साथ ही व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को स्वीकृति देने के लिए समिति गठित कर दी गई है। लिखित आश्वासन के बाद छात्रों ने अनशन समाप्त करने पर सहमति जताई। इसके बाद कुलपति प्रो. यूएस रावत, प्राचार्य डा. केएल मालगुड़ी और विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. हेमंत बिष्ट ने तीन दिनों से अनशन पर बैठे सूर्यप्रकाश पुरोहित, सुधीर बिष्ट, अनूप सिंह नेगी और प्रकाश भंडारी को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। इसी के साथ महाविद्यालय में एक पखवाड़े से चल रहा एनएसयूआई के छात्रों का आंदोलन भी समाप्त हो गया है।