थराली। राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी की विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलनकारी छात्रों का अनशन तीसरे दिन सोमवार को भी जारी रहा। सोमवार को हुए स्वास्थ्य परीक्षण में अनशन पर बैठे छात्र राजेश चौहान के बीमार होने की पुष्टि हुई, जिस पर टीम ने छात्र को दवा लेने की सलाह दी। लेकिन उन्होंने स्वयं को स्वस्थ बताते हुए दवा लेने से इनकार किया।
महाविद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति, बीए और बीएससी में प्रवेश के लिए सीटों को बढ़ाए जाने को लेकर छात्र संघ अध्यक्ष राजेश चौहान, नवीन चंदोला, विक्रम कनवासी, राहुल टम्टा, सुनील रावत और प्रमोद कुमार ने शनिवार से अनशन शुरू किया है। अनशन के तीसरे दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डा. पूनम टम्टा के निर्देश पर स्वास्थ्य केंद्र तलवाड़ी की मेडिकल टीम ने छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें आंदोलनकारी छात्र राजेश चौहान को खांसी और जुकाम की शिकायत मिली। टीम ने आंदोलनकारी छात्र को दवा लेने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।