कर्णप्रयाग। लोगों को आधार कार्ड बनवाने के लिए अब 50 किमी की दौड़ नहीं लगानी होगी। प्रशासन की ओर से तहसील में आधार कार्ड बनाने की सुविधा शुरू की गई है। अब हर सप्ताह के बुधवार को आधार कार्ड बनाए जाएंगे। पहले दिन लगे शिविर में आधार कार्ड बनवाने के लिए 180 लोगों ने पंजीकरण कराया। देर शाम तक 30 आधार कार्ड बनाए गए।
स्कूल, पेंशन, बैंक सहित छात्रवृत्ति समेत कई जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है लेकिन तहसील मुख्यालय पर आधार कार्ड नहीं बनने से लोगों के जरूरी काम नहीं हो पा रहे थे। यही नहीं आधार कार्ड में नाम गड़बड़ी होने के कारण उसमें सुधार भी नहीं हो पा रहा था। स्थिति यह थी कि जरूरत पड़ने पर लोग आधार कार्ड बनवाने के लिए गोपेश्वर और रुद्रप्रयाग सहित अन्य नगरों में जाने के लिए मजबूर थे। इस संबंध में अमर उजाला ने 15 जुलाई के अंक में ‘आधार के लिए 50 किमी की दौड़’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने तहसील में आधार कार्ड बनाने की व्यवस्था शुरू की है। बुधवार को पहले दिन यहां आधार कार्ड बनवाने और उसमें सुधार के लिए लंबी लाइन लगी रही। कुल 180 लोगों ने आधार के लिए पंजीकरण कराया। एसडीएम जीआर बिनवाल ने बताया कि सप्ताह के हर बुधवार को यहां आधार कार्ड बनाने का काम किया जाएगा।