श्रीनगर। अस्थायी कर्मचारियों को गढ़वाल विवि शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद का सदस्य बनाए जाने के मामले में चल रहे विवाद का असर परिषद के चुनावों पर पड़ गया है। चुनाव 3 दिन आगे खिसक गए हैं। अब चुनाव 21 अगस्त और नामांकन 14 अगस्त को होगा। पूर्व में 18 अगस्त को चुनाव होने थे।
बुधवार को गढ़वाल विवि शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद के चुनाव के लिए नामांकन होना था। कुछ कर्मचारियों ने नामांकन पत्र खरीद कर जमा भी करा दिए थे, लेकिन इस पर कर्मचारियों के एक पक्ष ने एतराज जताया। उन्होंने चुनाव अधिकारी विजयानंद बहुगुणा से मिलकर बताया कि 13 अगस्त को उपनिबंधक फर्म्स, सोसाइटी एवं चिट्स ने परिषद के दोनों पक्षों को सुनवाई के लिए पौड़ी बुलाया गया है। सुनवाई में फैसला होगा कि दैनिक/नियत वेतन भोगी कर्मचारियों को परिषद में शामिल किया जाए या नहीं। सुनवाई होने तक चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी जाए। बाद में चुनाव अधिकारी ने दोनों पक्षों से वार्ता करने के बाद चुनाव कार्यक्रम की तिथि आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। चुनाव अधिकारी बहुगुणा ने बताया कि 14 अगस्त को नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन होगा। वहीं बुधवार को परिषद चुनाव के लिए नामांकन के पहले दिन 20 उम्मीदवारों ने नामांकन कराया। नामांकन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष व प्रचार मंत्री पदों के लिए कराया गया है। हांलाकि चुनाव कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।