पुल में दरार और धंसी सड़क देख भड़के सीएम
निर्माण कार्य की जांच कराने और कड़ी कार्रवाई की दी चेतावनी
ब्यूरो/अमर उजाला/ब्यूरो।
डोईवाला। रायपुर थानो मार्ग के बीच धन्याड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से बनाए गए पुल संख्या-दो की दीवारों में दरारें और सड़क धंसने पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की जांच कराने और कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मंगलवार को धन्याड़ी में बनाए गए पुल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। पुल का निर्माण कालीमाटी बरसाती नाले के ऊपर किया गया है। पुल का निर्माण हो चुका है, लेकिन अभी विधिवत शुरू नहीं किया गया है। निरीक्षण के दौरान पुल की सड़क धंसी और दीवारों में दरारें दिखने पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि पुल निर्माण में अनियमितता के बाबत शिकायत मिली थी। निरीक्षण में भी खामियां मिली हैं। लिहाजा जांच कराई जाएगी और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के दो अन्य निर्माणाधीन पुलों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी धीरेंद्र सिंह पंवार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के हरिओम शर्मा, आरपी पुरोहित, पीएम शर्मा, शैलेंद्र मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष शमेशर सिंह, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मनवाल, दीवान सिंह रावत, विशाल मनवाल, चंद्रप्रकाश तिवारी, संजीव लोधी आदि मौजूद रहे।