थराली/कर्णप्रयाग। शिक्षकों की तैनाती और अन्य लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी के छात्रों का धरना सोमवार को 22वें दिन भी जारी रहा। जबकि राजकीय महाविद्यालय कर्णप्रयाग के छात्रों ने स्नातक स्तर पर सीटों को बढ़ाने को लेकर प्रदर्शन किया।
थराली के राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी में छात्र संघ अध्यक्ष राजेश चौहान के नेतृत्व में शिक्षकों के रिक्त पदों पर तैनाती, अर्थ शास्त्र विषय को शुरू करने और स्नातक स्तर पर सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर छात्रों ने धरना दिया। वहीं राजकीय महाविद्यालय कर्णप्रयाग में स्नातक स्तर पर सीटें बढ़ाने को लेकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्नातक स्तर पर सीटें कम होने से स्थानीय छात्र-छात्राओं को प्रवेश लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों में एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष सूरज बिष्ट, छात्र संघ उपाध्यक्ष प्रीतम रावत, निकेश नेगी, रोहित बिष्ट, राहुल रावत, रोहित बर्त्वाल आदि थे।