श्रीनगर। एचएनबी केंद्रीय गढ़वाल विवि के मानव विज्ञान विभाग और पर्वतीय विकास शोध केंद्र की ओर से वन विभाग ब्रांड अंबेसडर जगत सिंह चौधरी जंगली का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गढ़वाल विवि के पूर्व कुलपति प्रो. एबी भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड सरकार की ओर से जंगली को वन विभाग का ब्रांड अंबेसडर बनाया जाना हिमालयवासियों के लिए सम्मान की बात है। जंगली के अनुभवों का लाभ प्रदेश को अवश्य मिलेगा। इस मौके पर जंगली ने कहा कि वर्तमान में सियार गायब हो गए हैं, जिससे जंगली सुअर बस्ती के नजदीक आ रहे हैं। भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. मदन स्वरूप रावत ने कहा कि विभाग की ओर से प्रकाशित होने वाली सक्सेस स्टोरी पत्रिका में जंगली के कार्याें का उल्लेख किया गया है। मानव विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. विद्या सिंह चौहान ने कहा कि जंगलों के नजदीक रहने वाले ग्रामीणों की आजीविका का प्रबंधन सरकार को करना चाहिए। पर्वतीय विकास शोध केंद्र के नोडल अधिकारी डा. अरविंद दरमोड़ा ने कहा कि मिश्रित वन के मॉडल को पूरे भारत में फैलाए जाने की आवश्यकता है। भूगोल विभाग के डा. मोहन पंवार ने कहा कि मिश्रित वन लोगों में जंगल के प्रति लगाव पैदा करेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विवि के डीएसडब्लू प्रो. पीएस राणा ने कहा कि जंगली उत्तराखंड के आइकन हैं।