कीर्तिनगर। शहर के कूड़े को डांग-धारी मोटर मार्ग पर खुले में डंपिंग करने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां खुले में कूड़ा डंपिंग किए जाने से पूरे क्षेत्र में बदबू फैल रही है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही यहां से कूड़ा नहीं हटाया गया, तो नगर पंचायत के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं नगर पंचायत का कहना है कि जिस स्थान पर कूड़ा डंप किया जा रहा है उसके समीप ही ट्रेचिंग ग्राउंड निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
नगर पंचायत प्रशासन नगर क्षेत्र के कूड़े को दो माह से डांग-धारी मोटर मार्ग पर पैंडूला गांव के समीप डंपिंग कर रहा है। आसपास के ग्रामीणों को इस बात का पता तब चला जब कूड़े की बदबू गांवों तक पहुंची। ग्रामीण कैलाश पैन्यूली, अनिल पैन्यूली, आनंद किशोर, नरेश मोहन व राकेश ने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन व तहसील प्रशासन ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी बासुदेव डंगवाल ने कहा कि जिस स्थान पर कूड़ा डंपिंग किया जा रहा है उसके समीप ट्रेचिंग ग्राउंड बनाए जाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। फिलहाल अस्थायी तौर पर डांग-धारी मोटर मार्ग के समीप कूड़ा डंप किया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों की समस्या पर एसडीएम नूपुर वर्मा ने कहा कि खुले में कूड़ा डंप किए जाने पर नगर पंचायत के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।