गैरसैंण। ब्लाक के दूरस्थ गांव स्यूणी मल्ली की एक बुजुर्ग महिला सरस्वती देवी (80वर्ष) ने ग्रामीणों पर मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण उसे गांव में नहीं रहने दे रहे हैं। ऐसे में बृहस्पतिवार की रात तहसील में गुजरानी पड़ी। शुक्रवार को तहसील विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष को महिला ने शिकायती पत्र दिया।
तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण पैनल अधिवक्ता केएस बिष्ट ने बताया कि सरस्वती ने पत्र में कहा कि दो पुत्र होने के बाद भी वह दर-दर की ठोकरें खा रही हैं। महिला को ग्राम पंचायत स्तर पर किए गए कामों में मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण के अध्यक्ष अमित भट्ट ने एसडीएम को मामले में जांच करने के निर्देशित किया है। दूसरी ओर ग्राम प्रधान लीला देवी ने महिला के आरोपों को निराधार बताया है। लीला देवी ने कहा कि महिला का एक बेटा सेना से रिटायर है जबकि दो पोते सेना में कार्यरत हैं। ऐसे में बुजुर्ग पेंशन सहित अन्य योजनाओं का लाभ विभाग उन्हें नहीं दे रहा है।