ब्यूरो/अमर उजाला/कालसी।
राजकीय शिक्षक संघ की रविवार को आयोजित बैठक में शिक्षकों की समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। इस दौरान बैठक में निर्णय लिया गया कि विभिन्न सूत्रीय मांगों के समर्थन पर 31 जुलाई को मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।
रविवार के आयोजित बैठक में ब्लॉक मंत्री आशीष डबराल ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार शिक्षकों की उपेक्षा कर रही है। उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। अब तक स्कूलों के कोटीकरण की खामियों को दुरुस्त नहीं किया जा सका है। कालसी प्रखंड के सात दुर्गम स्कूलों को सुगम में दिखाया गया है। अपने चहेतों का सुगम में ही बैठाए रखने के लिए सरकार सिर्फ 10 प्रतिशत तबादलों की बात कर रही है। शिक्षकों के आंदोलन को दबाने के लिए धरने पर बैठे प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का तबादला कर दिया गया। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष अनिल राणा, मंत्री आशीष डबराल, सुदर्शन चमोली, डॉ. नरेश कुमार, सुधीर सेमवाल, हरीश पाल, राकेश शर्मा, रवि रावत, संजय थपलियाल, दिनेश चौहान, रूपेश कुमार, जगवीर चौहान शामिल रहे।