पोखरी। दस दिवसीय डेयरी फार्मिंग, वर्मी कंपोस्ट निर्माण और उद्यमिता कौशल प्रशिक्षण के अंतिम दिन बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र बांटे। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार से जुड़ने का आह्वान किया।
ग्राम्य विकास विभाग के उत्तराखंड पर्वतीय आजीविका संवर्द्धन (उपासक) की ओर से ब्लाक सभागार में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में विधायक महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत करने पर जोर दे रही है। ग्रामीण वित्त समन्वयक संजय पुरोहित ने उपासक की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और टर्म लोन की जानकारी दी गई। पोखरी की ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी ने भी प्रशिक्षणार्थी के रूप में प्रतिभाग किया। इस मौके पर सहायक खंड विकास अधिकारी दीपा सेमवाल, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक बीएस रावत, डा. मातबर रावत, जिला पंचायत सदस्य गजपाल बर्तवाल, महावीर रावत, पिंकी, संजय नेगी और डीएस राणा मौजूद थे। संचालन संजय पुरोहित ने किया।