श्रीनगर। गढ़वाल विवि की प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा सितंबर में होगी। विवि प्रशासन प्री-पीएचडी सत्र नियमित करने के लिए विचार कर रहा है।
गढ़वाल विवि का प्री-पीएचडी सत्र अनियमित न हो, इसके लिए विवि प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। सत्र 2018-19 की प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा सितंबर में कराने का विचार किया जा रहा है। बता दें कि पूर्व में गढ़वाल विवि प्रशासन दो वर्ष तक प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं कर सका था। पीएचडी सत्र नियमित किए जाने के लिए छात्र भी विवि प्रशासन से मांग कर रहे हैं। छात्रम छात्र संगठन के सुरजीत सिंह का कहना है कि विवि प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ता है। संगठन ने प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा को समय पर आयोजित कराने की मांग की है। वहीं, विवि के प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा संयोकजक प्रो. एसएस रावत ने बताया कि प्री-पीएचडी सत्र नियत समय से प्रारंभ हो, इसके लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। प्रो. रावत ने बताया कि प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा सितंबर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा आयोजन के लिए तैयारी की जा रही हैं।