पोखरी (चमोली)। जिला युवा कल्याण विभाग की ओर से ब्लॉक सभागार में पोखरी क्षेत्र के युवक और महिला मंगल दल को प्रोत्साहन सामग्री वितरित की गई। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने पर महिला मंगल दल ब्राह्मण थाला, सिवांई, गुड़म, झिलोटी और सिनाऊं तथा युवक मंगल दल सलना, भदूड़ा और सैम-सांकरी को विवेकानंद यूथ अवार्ड दिया गया। समारोह में बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने महिला व युवक मंगल दलों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवक और महिला मंगल दलों को आर्थिक रूप से मजबूत करने जा रही है। उन्होंने महिलाओं में नेतृत्व क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया। मंगल दलों को दरी, ढोलक, खेल व मनोरंजन सामग्री वितरित की गई। यूथ अवार्ड से नवाजे गए युवक व महिला मंगल दलों को नगद पुरस्कार भी दिया गया। जिला युवा कल्याण अधिकारी दीपक बिष्ट ने युवक व महिला मंगल दलों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान के साथ ही सांस्कृतिक, खेल व अन्य गतिविधियां संचालित करने का आह्वान किया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी, भाजपा के मीडिया प्रभारी महावीर रावत, जिला पंचायत सदस्य गजपाल बर्त्वाल, विधायक प्रतिनिधि अवधेश रावत, रमेश चौधरी, वीरेंद्र पाल भंडारी, जीतेंद्र सती, दिग्पाल नेगी, डॉ. मातबर रावत, दिनेश रड़वाल, शुक्रु लाल, जयदेव रावत, रामेश्वर त्रिपाठी, दीपा सेमवाल आदि मौजूद रहीं।