ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश ।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने संगठन के भावी कार्यक्रमों सदस्यता, सेल्फी विद कैंपस और छात्रसंघ चुनाव आदि बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जनपद में चार हजार नए छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। पीजी ऑटोनामस कॉलेज में परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री योगेश कुमार विद्यार्थी की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें उन्होंने बताया कि परिषद की ओर से देश में सेल्फी विद कैंपस अभियान चलाया जा रहा है। अभियान शनिवार से शुरू होगा और चार अगस्त तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत परिषद कार्यकर्ता सभी स्कूल, कॉलेेजों में जाकर संगठन का विस्तार करेंगे। इस दौरान छात्रसंघ चुनाव को ध्यान में रखते हुए समिति का गठन किया गया है, जिसमें नगर अध्यक्ष राकेश भंडारी, जिला संयोजक विनोद चौहान और जिला छात्रा प्रमुख अंजलि शर्मा को नामित किया गया । उन्होंने कहा कि जो भी छात्र छात्रसंघ का चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं, वह 30 जुलाई तक अपने नाम संगठन को उपलब्ध करा सकते हैं। इस अवसर पर विनोद चौहान, अंजलि शर्मा, संदीप शर्मा, रवि कुमार, हर्ष कुमार, पारस नाथ, दीक्षा सेमवाल, कंचन शर्मा, श्वेता पंवार आदि मौजूद थे।