जोशीमठ। जोशीमठ-मलारी हाईवे बुधवार को शाम करीब साढ़े छह बजे सलधार के पास करीब पचास मीटर तक मलबा आने से अवरुद्घ हो गया। हाईवे बंद होने से चीन सीमा क्षेत्र में सेना और आईटीबीपी के जवानों के साथ ही सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों की आवाजाही ठप हो गई है। गत मंगलवार को ही तमक नाले में मलबा आने से बीआरओ ने छह दिन बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुचारु करवाई थी, लेकिन बुधवार को चट्टान से मलबा आने से सलधार में हाईवे फिर अवरुद्घ हो गया।
बीआरओ के कमांडर एसएस मक्कर का कहना है कि मलबा अधिक होने के कारण हाईवे को बृहस्पतिवार को दोपहर बाद ही वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बुधवार को मौसम सामान्य था, लेकिन चट्टान टूटकर हाईवे पर आ गई। सूचना मिलते ही मौके पर जेसीबी मशीनें भेज दी गई हैं।