जोशीमठ। बदरीनाथ हाईवे पिनोला में चट्टान से मलबा आने से करीब एक घंटे तक अवरुद्ध रहा। सुबह दस बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक हाईवे बंद रहने से बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर पहुंच रहे तीर्थयात्रियों अपने वाहनों में ही हाईवे खुलने का इंतजार करना पड़ा।
बुधवार को पिनोला में चट्टान से मलबा छिटकने के कारण हाईवे अवरुद्ध रहा। यहां सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही तो शुरू करा दी गई है, लेकिन यहां अभी भी खतरा बरकरार है। चट्टान पर अटके बोल्डर कभी भी हाईवे पर गिर सकते हैं। बीआरओ के कमांडर एसएस मक्कर का कहना है कि हाईवे के अवरुद्ध होने पर तत्काल खोलने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पिनोला में चट्टान से मलबा छिटकने के बाद करीब एक घंटे में ही हाईवे को सुचारु कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि लामबगड़ और विष्णुप्रयाग क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही भारी बारिश से चट्टान और पहाड़ियों से मलबा छिटककर हाईवे पर आ रहा है, जिससे दिक्कतें हो रही हैं।