ब्यूरो/अमर उजाला, चकराता।
बारिश के बीच प्राथमिक विद्यालय डिमिच के ऊपर बनी सुरक्षा दीवार ढह गई। दीवार गिरने से स्कूल भवन को खतरा खड़ा हो गया है। बारिश के साथ मलबा सीधे स्कूल में घुस रहा है। इस कारण छात्रों को डर के साए में पढ़ाई करनी पड़ रही है। अभिभावकों ने एसडीएम और शिक्षा विभाग को पत्र भेज बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
बीते रविवार देर रात हुई बारिश के बीच विद्यालय के ऊपरी भाग में बनी सुरक्षा दीवार भरभराकर गिर गई। सोमवार सुबह स्कूल खुला तो कमरे में मलबा घुसा हुआ था। इसे साफ कर बच्चों की पढ़ाई शुरू की गई। प्रधानाचार्य मेहर सिंह चौहान ने बताया कि स्कूल में 16 छात्र अध्ययनरत हैं। बारिश के साथ ही मलबा सीधे स्कूल में घुसने लगा है। यदि जल्द ही सुरक्षा दीवार नहीं बनाई गई तो पूरे स्कूल भवन को खतरा हो सकता है।
स्थानीय निवासी गजेंद्र सिंह, प्रदीप चौहान, प्रवेश गौड़, कल्याण सिंह, जीतराम, अतर सिंह, टीकम सिंह, सचिन चौहान आदि का कहना है कि बारिश के साथ ही दीवार दरकने लगी हैै। छात्रों को डर के साए में पढ़ाई करनी पड़ रही है।
एसडीएम बृजेश तिवारी का कहना है कि मामले में खंड शिक्षाधिकारी को स्कूल का स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र सुरक्षा दीवार की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।