ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
पछवादून और जौनसार बावर की सहकारी समितियों में सोमवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन किया गया। विकासनगर सहकारी समिति में लॉटरी सिस्टम से अध्यक्ष पद पर भाजपा के वीरेंद्र सिंह नेगी और उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित प्रीतम सिंह का चयन किया गया।
इससे पूर्व अध्यक्ष पद पर हुई वोटिंग पर भाजपा के वीरेंद्र सिंह नेगी और कांग्रेस समर्थित प्रशांत शर्मा को बराबर मत पड़े। उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस समर्थित प्रीतम सिंह और भाजपा के समून को छह-छह मत पड़े। इसके बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन पर्ची सिस्टम से किया गया।
वहीं बहुद्देशीय सहकारी समिति चकराता के चुनाव में भाजपा के भीमदत्त ने सूरज प्रकाश को 9-3 के अंतर से मात दी। उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के युवराज सिंह का निर्विरोध चयन हुआ। मागटी स्थित सहकारी समिति के चुनाव में राजेंद्र सिंह जोशी और चंदन सिंह का निर्विरोध चयन किया गया।
लाखामंडल सहकारी समिति के चुनाव में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के जयेंद्र सिंह ने भाजपा के हरि सिंह को 7-4 के अंतर से हराया। उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस के शांतिराम ने भाजपा की मोनिका को 7-5 के अंतर से मात दी। जीत हासिल करने के बाद विजयी पदाधिकारियों ने समर्थकों के साथ जुलूस निकाल जश्न मनाया।
वहीं कालसी दीर्घाकार सहकारी समिति के चुनाव में अध्यक्ष पद पर निर्विरोध हाकम सिंह चौहान और उपाध्यक्ष पद पर गजेंद्र तोमर का चयन किया गया। सहकारी समिति पजिटिलानी में दर्शन सिंह अध्यक्ष नीटू वर्मा उपाध्यक्ष चुने गए। दीर्घाकार बहुद्देशीय सहकारी समिति कैराड़ में मातवर सिंह चौहान अध्यक्ष, सतपाल सिंह चौहान उपाध्यक्ष चुन गए। बहु दीर्घाकार सहकारी समिति साहिया में अध्यक्ष पद पर टीकम सिंह और उपाध्यक्ष पद पर नारायण सिंह का चयन हुआ। त्यूनी सहकारी समिति में अध्यक्ष पद पर निर्विरोध श्याम दत्त और उपाध्यक्ष रामानंद का चयन हुआ।
बहुद्देशीय सहकारिता समिति लुहन के अध्यक्ष पद पर पूरण सिंह तोमर और उपाध्यक्ष पद पर वीरेंद्र तोमर का चयन किया गया। विसोई सोसाइटी नागथात में महेंद्र चौहान अध्यक्ष चुने गए।