कर्णप्रयाग। नगर में पालिका का ड्रेनेज सिस्टम बारिश आने पर पूरी तरह फेल नजर आ रहा है। रविवार को आधे घंटे हुई बारिश से ही जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है।
पालिका की ओर से पिछले पांच सालों में बदरीनाथ हाईवे पर राजनगर, गांधीनगर, बहुगुणानगर, प्रेमनगर सहित मुख्य बाजार के सिमली रोड, अपर बाजार पैदल मार्ग सहित कई वार्डों में ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर करने के लिए नालियों का निर्माण किया गया, लेकिन बरसात आने पर नाली निर्माण का परिणाम शून्य रहा। बंद नालियां और स्कपर लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। आप के नेता देवी प्रसाद मैखुरी, दमयंती रतूड़ी का कहना है कि नगर में हल्की बारिश आने पर भी पैदल मार्गों और बाजारों में जलभराव हो रहा है। गांधीनगर के शिशुपाल लाल का कहना है कि कई बार नालियों के निर्माण के बावजूद गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। लोगों ने ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर करने की मांग की है।