वाहनों की हड़ताल से ग्रामीण हुए परेशान
- हाईवे पर घंटों करना पड़ा सवारी वाहनों का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
रायवाला। निजी ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के चलते रायवाला, छिद्दरवाला, हरिपुरकलां के ग्रामीण इलाकों में हाईवे से निजी सवारी वाहन पूरी तरह नदारद रहे, जिसके चलते रोजमर्रा के कार्यों के लिए रोजाना की सवारियों को भारी भीड़ हाईवे के किनारे वाहनों का इंतजार करने को मजबूर रही। कई घंटे इंतजार के बाद भी वाहन नहीं मिलने के चलते लोगों को हाईवे से निजी वाहन से गुजर रहे लोगों को रोककर उनसे गंतव्य तक पहुंचाने की मिन्नतें करते देखा गया। हड़ताल के चलते उपचार के लिए शहर जाने वाले मरीजों और कॉलेज व अन्य व्यवसायिक शिक्षण संस्थानों तक जाने के लिए सवारी वाहनों का उपयोग करने वाले लोगों की जमकर फजीहत हुई।
रायवाला, छिद्दरवाला, हरिपुरकलां क्षेत्र से अधिकतर सवारियां रोजाना उपचार, उच्च शिक्षा और सरकारी व गैर सरकारी प्रतिष्ठानों में नौकरी आदि के लिए ऑटो, थ्री व्हीलर आदि वाहनों का सहारा लेते हैं। करीब पांच दर्जन से अधिक ऑटो चालकों ने हड़ताल का समर्थन करने के चलते वाहन सड़कों पर नहीं उतारे, जिसके चलते आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। इस दौरान कई लोगों को उत्तराखंड परिवहन निगम के खचाखच भरे वाहनों में और कुछ लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए रेल सेवा का सहारा लेना पड़ा।