नर्सिंग अफसर पद के लिए 25,814 ने दी परीक्षा
- एम्स ऋषिकेश के लिए नर्सिंग ऑफिसर ग्रेट टू व ऑफिस असिस्टेंड की हुई चयन परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश । एम्स ऋषिकेश के लिए शुक्रवार को देश के 79 केंद्रों पर नर्सिंग ऑफिसर ग्रेड- 2 और नौ शहरों में 12 केंद्रों पर ऑफिस असिस्टेंट की चयन परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। दो शिफ्टों में आयोजित उक्त परीक्षाओं में नर्सिंग अफसर के 1120 पदों व ऑफिस असिस्टेंट के 25 पदों के लिए परीक्षा हुई। एम्स संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल ने बताया कि संस्थान के निदेशक प्रोफेसर डॉ. रवि कांत के निर्देशन में नर्सिंग अफसर पद के लिए देश भर से 38,605 आवेदन आए थे, जिनमें से कुल 25,814 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए।
उन्होंने बताया कि उक्त परीक्षा उत्तराखंड में देहरादून, रुड़की के अलावा दक्षिण भारत में तिरुअनंतपुरम समेत 11 केंद्रों पर संचालित की गई। बताया कि सबसे अधिक उपस्थिति कोटा में 90 प्रतिशत व सबसे कम उपस्थिति देहरादून के उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में 41 प्रतिशत रही। उन्होंने बताया कि इसी तरह ऑफिस असिस्टेंड पद के लिए 3776 आवेदन आए थे, जिनके सापेक्ष 2497 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। देशभर के सभी केंद्रों पर उक्त परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।