श्रीनगर। श्रीकोट क्षेत्र के ग्रामीणों ने जल संस्थान कार्यालय घेराव की चेतावनी दी है। आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में गंदे पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। कहना है कि विभागीय अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
श्रीकोट क्षेत्र के अधिकांश मोहल्लों में विगत कई दिनों से गंदले पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। लोग कपड़ों से छान का पानी भरने को मजबूर हैं। प्राइमरी स्कूल मोहल्ला निवासी प्रीति खंडूड़ी, स्वाति रावत, रेखा रावत आदि ने कहा कि उनके मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति मात्र एक से आधा घंटे ही की जा रही। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से भी शिकायत की गई है। बावजूद इसके न तो आपूर्ति का समय बढ़ाया गया है, और न ही साफ पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। स्थानीय निवासियों ने समस्याओं का जल्द ही निस्तारण नहीं करने पर जल संस्थान कार्यालय घेराव की चेतावनी दी है। वहीं जल संस्थान के सहायक अभियंता कृष्णकांत ने बताया कि क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है। गंदले पानी की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।