ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें एम्स के निदेशक प्रोफेसर डॉ. रवि कांत को चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए क्लब की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि एसपी हरिद्वार डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि ऋषिकेश में लायंस क्लब की ओर से लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े बेहतरीन कार्य किए जा रहे हैं, जोकि सराहनीय कदम है। ऋषिकेश में एम्स जैसे बड़े संस्थान की स्थापना से स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में विकास हुआ है।
मुख्य अतिथि एम्स के निदेशक प्रोफेसर डॉ. रवि कांत ने कहा कि एम्स में मरीजों की सुविधाओं के लिए लगातार बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं, गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आधुनिक तकनीक की मशीनें अस्पताल में उपलब्ध हैं। संस्थान में उपचार के लिए सुदूरवर्ती क्षेत्रों से मरीज पहुंच रहे हैं। इससे ऋषिकेश में व्यापारिक गतिविधियों के बढ़ने की संभावनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं।
समारोह में क्लब अध्यक्ष अतुल जैन ने क्लब के समाज सेवा के कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में एम्स के साथ क्लब ने मिलकर कई संयुक्त कार्यक्रम किए हैं और आगे भी सामाजिक जागरूकता को लेकर एम्स के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। समाजसेवी संजीव गोयल ने संस्था द्वारा एम्स निदेशक को सम्मानित किए जाने पर खुशी जाहिर की। धीरज मखीजा व सुशील छाबड़ा के संयुक्त संचालन में आयोजित समारोह में पीजी ऑटोनोमस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनपी माहेश्वरी, क्लब के सचिव हिमांशु अरोड़ा, कोषाध्यक्ष मयंक गुप्ता, डा. हिमांशु ऐरन, विशाल बिंदल, अजय गोयल, अशोक जैन, जयदत्त शर्मा, मानव जौहर, धीरज अग्रवाल, गुड्डू सिंह, राहुल छाबड़ा, डॉ. गगन शर्मा आदि मौजूद थे।