ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
सूबे के एकमात्र पीजी ऑटोनोमस कॉलेज में विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत छात्रसंघ पदाधिकारियों ने बुधवार को कॉलेज में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। छात्रसंघ के विरोध के बाद कॉलेज प्रशासन ने उनकी कई मांगों को मान लिया, जिसके बाद छात्रसंघ पदाधिकारियों ने आंदोलन को स्थगित कर दिया।
छात्रसंघ अध्यक्ष शिवम भारद्वाज की अगुवाई में बुधवार को प्रवेश तिथि बढ़ाने, काउंसिलिंग के बाद फीस लेने और ड्रेसकोड लागू नहीं करने की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के मेन गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। शिवम भारद्वाज ने बताया कि इसके बाद छात्रसंघ के प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज प्रशासन से वार्ता की, जिसमें मुख्य मांगों को मान लिया गया। बताया कि फिलहाल आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है।
प्रदर्शनकारियों में छात्रसंघ महासचिव इमरान खान, एनएसयूआई के सनी प्रजापति, सौरभ वर्मा, अमनदीप नेगी, मनीषा, आंचल, प्रशांत कुमार, ज्योति, शिवानी, अंजलि, सुप्रिया, समीक्षा, आयुष, चेतन कपरुवाण, सौरभ वर्मा, आशीष पंवार, शुभम शर्मा, शिवा सिंह आदि शामिल रहे।
-----------------
क्या कहते हैं प्राचार्य
राजकीय स्नातकोत्तर स्वायत्तशासी महाविद्यालय के प्राचार्य एनपी माहेश्वरी ने बताया कि लंबित मांगों पर छात्र प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की गई। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने पीजी के तीसरे सेमेस्टर में प्रवेश तिथि 21 जुलाई तक और यूजी तीसरे व पांचवें सेमेस्टर में प्रवेश की तिथि 23 जुलाई तक बढ़ा दी है। वहीं, फॉर्म में ड्रेसकोड संबंधी विकल्प को हटाने और काउंसिलिंग के बाद फीस जमा करने की मांग को मान लिया है। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन फीस जमा करने को लेकर हो रही परेशानी को देखते हुए बैंक चालान द्वारा फीस जमा करने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही नए छात्र-छात्राओं को प्रवेश संबंधी विवरण को ऑनलाइन कॉलेज की वेबसाइट और महाविद्यालय सूचना पट पर चस्पा कर दिया है।