गैरसैंण। उत्तरांचल गैस एजेंसी के प्रबंधक एचएस रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत एससी और एसटी वर्ग के सभी उपभोक्ताओं को अब लाभ दिया जाएगा। रावत ने कहा कि पूर्व में केवल बीपीएल और गरीब लोगों को ही उज्ज्वला योजना का लाभ दिया जा रहा था, लेकिन योजना में शासन की ओर से संशोधन कर दिया गया है। इसके तहत एससी और एसटी वर्ग के सभी इच्छुक उपभोक्ता योजना के तहत नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं, जिसके लिए बैंक पास बुक, राशन कार्ड की छाया प्रति, जाति प्रमाण पत्र सहित आवेदन करने वाले परिवार के दो सदस्यों के आधार कार्ड की छाया प्रति का होना आवश्यक है। आवेदन स्वीकृति के चार दिन बाद रसोई गैस कनेक्शन दे दिया जाएगा।