ब्यूरो/अमर उजाला/कालसी।
क्षेत्र पंचायत की बीडीसी बैठक में स्वास्थ्य, सड़क और पानी से जुड़े मुद्दे छाए रहे। बमराड़ के प्रधान रणवीर सिंह चौहान ने कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर बने डेंजर प्वाइंटों पर शीघ्र सुरक्षा कार्य न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी। इस पर लोनिवि के अधिकारियों ने शीघ्र मरम्मत कार्य कराने की बात कही।
ब्लॉक प्रमुख अर्जुन सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित बीडीसी बैठक में कामला की ग्राम प्रधान रीना तोमर ने पिनगिरी और कामला स्थित एलोपैथिक अस्पताल में स्टॉफ न होने की बात कही। कहा सर्दी, जुकाम जैसी मामूली बीमारियों की दवाई के लिए लोगों को कालसी और विकासनगर की दौड़ लगानी पड़ती है। रिखाड़ के ग्राम प्रधान दिनेश चौहान ने गांव स्थित एएनएम सेंटर में लंबे समय से ताला लटका होने की बात कही। कहा सेंटर में एएनएम के न होने से गर्भवती महिलाएं और बच्चों का टीकाकरण प्रभावित हो रहा है।
कनिष्ठ प्रमुख खजान नेगी ने पेयजल निगम के अधिकारियों को सप्ताह में 2 दिन बुधवार और शुक्रवार को पुरोड़ी स्थित कार्यालय में बैठने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष चरण सिंह ने कहा कि गौरा देवी कन्या धन योजना के लिए आय प्रमाण पत्र की बाध्यता को समाप्त कर बीपीएल कार्ड को लागू किया जाए। बैठक में ग्राम प्रधानों ने उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त कनेक्शन न होने की बात भी अधिकारियों के समक्ष रखी। ब्लॉक प्रमुख अर्जुन सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं को शीघ्र निस्तारित किया जाए। इस मौके पर बीडीओ बीपी खंडूरी, वीडीओ सुमन कोटियाल, धीरेंद्र प्रताप, मुन्ना सिंह चौहान, डॉ. राजीव दीक्षित, प्रधान बहादुर सिंह पंवार, शमशेर सिंह, रेखा चौधरी, अमृता रोहिला, दिनेश चौहान, सुधीर सिंह, यशपाल सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रभा देवी, निर्मला चौहान, प्रभा, दिनेश तोमर आदि मौजूद रहे।