ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
केंद्रीय विद्यालय रायवाला में सोमवार को पुस्तक माह के अंतर्गत पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य बख्ते मुनीम ने कहा कि पुस्तकों में ज्ञान का भंडार होता है, जिसे कोई चुरा नहीं सकता। कहा कि पुस्तक प्रदर्शनी में राष्ट्रीय नायकों के जीवन पर आधारित पुस्तकों से बच्चों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने बताया कि बच्चों में पढ़ने की आदत को विकसित करने के उद्देश्य से केंद्रीय विद्यालय संगठन ने 19 जून से 18 जुलाई तक पुस्तक माह मनाने का आदेश जारी किया था, जिसके अंतर्गत केवी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
विद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष सुनील सैनी ने बताया कि प्रदर्शनी में राष्ट्रीय नायकों के जीवन परिचय, शिक्षा और सुधार, पर्यावरण, प्रमुख त्योहार, प्रमुख लेखकों की कहानी, व्यक्तित्व सुधार, इतिहास, विज्ञान आदि विषयों पर आधारित पुस्तकें रखी गई हैं। उन्होंने बताया कि पुस्तक माह के दौरान पढ़ने की शपथ, बच्चों को नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी से अवगत कराना, सब कुछ छोड़ो और पढ़ो, बच्चों को लाभदायक वेबसाइट से परिचय कराना, स्लोगन प्रतियोगिता, बुक मार्क प्रतियोगिता, कहानी श्रवण प्रतियोगिता, पुस्तक उपहार अभियान, पुस्तक समीक्षा आदि कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान बच्चों व शिक्षकों को भी पुस्तकालय में उपलब्ध महत्वपूर्ण साहित्य से परिचय कराया गया, जिससे उसका लाभ सभी पाठकों को मिल सके। कार्यक्रमों में सभी बच्चों ने बड़े ही उत्साह व जोश के साथ प्रतिभाग किया। साथ ही बच्चों ने शपथ ली कि वह हर माह एक पुस्तक अवश्य पढ़ेंगे। इस अवसर पर एसके बाजपेई, एके वर्मा, वीएस वर्मा, रीमा, गुंजन श्रीवास्तव, शैलबाला, एनएस गंगवार, जेएस रावत, जनार्दन ध्यानी आदि मौजूद रहे।