कर्णप्रयाग/थराली/देवाल। रविवार देर रात तेज बारिश के चलते बदरीनाथ हाईवे चटवापीपल के पास करीब पांच घंटे बंद रहा, जबकि देवाल में देवाल-मुंदोली सहित 8 मोटर मार्ग अवरुद्ध हो गए।
तेज बारिश से कर्णप्रयाग ब्लाक के निर्माणाधीन चटवापीपल-सिरण और चटवापीपल-झिरकोटी का मलबा बदरीनाथ हाईवे पर आ गया। सुबह करीब चार बजे बंद हुआ मोटर मार्ग नौ बजे खुल पाया, वहीं थराली में थराली-डुंग्री-रतगांव, ग्वालदम-खंपाधार-चिडिंगा आदि मोटर मार्ग बारिश के चलते बंद हो गए। देवाल में नंदा देवी राजजात मार्ग देवाल-मुंदोली-वाण, देवाल-खेता, देवाल-घेस, नंदकेशरी-ग्वालदम, हाटकल्याड़ी-बेराधार, ल्वाणी-सूया, देवाल-सवाड़, रैन-पलबरा मोटर मार्ग बारिश के चलते अवरुद्ध हो गए। एसडीएम रोहित मीणा ने कहा कि सभी मोटर मार्गों को खोलने के लिए विभागों को निर्देश दिए गए हैं।