श्रीनगर। पर्वतीय टैक्सी/मैक्सी महासंघ ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। महासंघ ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार की ओर से पूर्व में किए गए वायदे जल्द पूरे नहीं किए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
सोमवार को टैक्सी/मैक्सी महासंघ की बैठक में महासंघ के सचिव महावीर बहुगुणा ने कहा कि एक माह पूर्व टैक्सी मैक्सी महासंघ ने गति नियंत्रक लगाने के विरोध में हड़ताल की थी। तब सरकार ने महासंघ को आश्वासन दिया था, कि वाहन स्वामियों की समस्या के निराकरण के लिए कमेटी गठित की जाएगी। जब तक कमेटी की रिपोर्ट नहीं आती है, पहाड़ी क्षेत्र में वाहनों पर गति नियंत्रक नहीं लगाया जाएगा, लेकिन सरकार ने फिर गति नियंत्रक लगाने आदेश जारी कर दिए हैं। महासंघ ने इसे वादाखिलाफी बताया। चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने पूर्व में किए वायदों को जल्द पूरा नहीं किया तो एक बार फिर उग्र आंदोलन किया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष राकेश बर्त्वाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।