ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती।
प्रयत्न सामाजिक संस्था के तत्वावधान में मोहल्ला समिति की ओर से भगवान जगन्नाथ रथयात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान महिलाओं का डांडिया नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। शनिवार शाम लक्ष्मणझूला स्थित जगन्नाथ मंदिर से रथयात्रा का शुभारंभ किया गया। रथयात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस मंदिर पहुंची। यात्रा का मार्ग में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, व्यापारिक और राजनैतिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
रथयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने डांडिया नृत्य किया। धार्मिक यात्रा में स्वदेशी और विदेशी श्रद्धालुओं ने राधे-राधे की धुन पर नृत्य किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण, बलराम और सुभद्रा के जयकारे लगाए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भगवान जगन्नाथ के रथ का रस्सा खींचने की होड़ लगी रही। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष अश्वनी गुप्ता, निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष शकुंतला राजपूत, रामचंद्र प्रजापति, शिवकुमार, नवीन शर्मा, मोहन नागर, कमला नेगी, विनीता शर्मा, राकेश अग्रवाल, संजीव शर्मा, दीपक प्रजापति, प्रदीप शर्मा, सुनील शर्मा, गुरुपाल बत्रा, विपासना राय, निरंजन गोयल, राजकुमार सोनकर, गजेंद्र नागर, भरत लाल, शाकुंबरी देवी, मोनिका राजपूत, मनीष राजपूत आदि मौजूद थे।