ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
युवा कांग्रेस के चुनाव में अमरजीत धीमान विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष व अभिषेक पारस जिला सचिव निर्वाचित किए गए। युवा कांग्रेस की ओर से बताया गया कि संगठन के चुनाव में विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष पद पर 168 मत पाकर अमरजीत धीमान अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी ऋषभ राणा को पराजित किया।
इसी प्रकार जिला युवा कांग्रेस के अभिषेक पारस 247 मत प्राप्त कर सचिव चुने गए। शुक्रवार को युकां कार्यकर्ताओं ने दून रोड स्थित नटराज चौक पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया और नगर क्षेत्र में जुलूस निकाला। धीमान व पारस ने इसके लिए राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयेंद्र रमोला का आभार जताया। चुने गए पदाधिकारियों ने कहा कि वह एक बूथ दस यूथ के नारे को चरितार्थ कर कांग्रेस को मजबूत बनाने का कार्य करेंगे। इस अवसर पर अजय धीमान, गौरव राणा, अनवीत सिंह, प्रिंस सक्सेना, ऋषभ कुमार, पारस नाथ, सौरभ राणा, ऋषभ राणा, गौरव भारती, प्रशांत कुमार, नीरज कुमार, सन्नी कुमार, राघव पांडेय, यश अरोड़ा, शिवा सिंह, पंकज कुमार, मोनू कुमार आदि मौजूद थे।