कर्णप्रयाग/थराली। पिंडर घाटी की लाइफ लाइन कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग कई जगहों पर पांच घंटे तक बंद अवरुद्ध रहा। थराली से देवाल को जोड़ने वाला मोटर मार्ग आठ घंटे तक बंद रहा। यहां लोग कई किमी पैदल चलकर कल्याड़ी झूला पुल के रास्ते थराली पहुंचे।
बृहस्पतिवार रात को हुई तेज बारिश से कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग सिमली के पास गंगानगर और थराली के पास तलवाड़ी में बंद हो गया। सुबह पांच बजे बंद हुआ मार्ग बीआरओ की मशीनों और श्रमिकों की मदद से सुबह दस बजे खोल पाया। कर्णप्रयाग का धारडुंग्री-मैखुरा मोटर मार्ग पर कई जगह मलबा आने से बाधित हो गया। थराली से देवाल ब्लाक को जोड़ने वाला मार्ग सौगांव, उणी और पूर्णा में मलबा आने से बंद हो गया। नंदकेशरी में पहाड़ी से चट्टान टूटकर सड़क पर आ गई। यहां सुबह तीन बजे बंद हुआ मार्ग 11 बजे खुल पाया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष लोनिवि की ओर से यहां 10 लाख की लागत से सुधारीकरण और हिल कटिंग का काम किया गया लेकिन यहां हल्की बारिश में भी मलबा और चट्टान टूटकर सड़क पर आ रही है। ब्यूरो