ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
कांवड़ यात्रा के दौरान अधिक किराया वसूलने की शिकायत मिलने पर सवारी वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा वाहनों और होटल व ढाबों आदि में रेट लिस्ट चस्पा करना भी अनिवार्य है।
ये निर्देश बुधवार को मुनिकीरेती थाना परिसर में आयोजित बैठक के दौरान सीओ नरेंद्रनगर जेपी जुयाल ने दिए। बैठक में क्षेत्रीय व्यापारी, ऑटो-थ्री-व्हीलर यूनियनों के पदाधिकारी शामिल रहे। इस दौरान सीओ जुयाल ने वाहन चालकों और व्यापारियों से यात्राकाल की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। सीओ ने ऑटो-थ्रीव्हीलर चालकों को आवाजाही की व्यवस्था चुस्त रखने को कहा और यातायात प्लान का पालन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा होटल और ढाबा संचालकों को रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में थानाध्यक्ष आरके सकलानी, थ्री-व्हीलर यूनियन के अध्यक्ष सुनील कुमार, अमित पाल, राजेंद्र, सोमनाथ, पंचम, वीरेंद्र भंडारी, भारत बहुगुणा, सोनू डंगवाल, त्रिलोक भंडारी आदि मौजूद रहे।