मत्स्य पालन को बढ़ावा दे रही सरकार : रेखा
ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
राष्ट्रीय मत्स्य पालक दिवस पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और मत्स्य विकास मंत्री रेखा आर्य ने मत्स्य प्रजनन केंद्र ढकरानी में कार्प हैचरी, ओवर हैड टैंक और अतिथि गृह का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। इस दौरान उन्होंने जिले के तीन प्रगतिशील मत्स्य पालकों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री रेखा आर्य ने कहा कि पहाड़ों की नदियों में मछलियों के शिकार पर रोक लग सके। इसके लिए कानून का सख्ती से पालन कराया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों और नव युवक मंगल दलों को जल जीवन को बचाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। कहा राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं से हानि की संभावना रहती है। भूमि कृषि उत्पादों में परिश्रम भी बहुत अधिक करना होता है। ऐसे में मत्स्य पालन को बढ़ावा देकर जल कृषि को प्रोत्साहन दिया जाना आवश्यक है। प्रदेश सरकार मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने अधिक से अधिक लोगों से मत्स्य पालन से जुड़ने की बात कही। ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक निरंजन कुमार ने बताया कि 10 जुलाई 1957 में उत्प्रेरित प्रजनन विधि से मछलियों का सफल क्रियान्वयन कर मत्स्य बीज उत्पादन में क्रांति लायी गई। जिसे हर साल मत्स्य पालक दिवस के रूप में मनाया जाता है। निदेशक मत्स्य बीपी मधवाल ने प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उप निदेशक एचके पुरोहित ने मछलियों के संरक्षण और संवर्धन की जानकारी दी। कार्यक्रम में मसूरी के आनंद सिंह रावत, ढकरानी के मोहम्मद साबिर और कालसी चिबोऊ के सुरेंद्र सिंह तोमर को मछली उत्पादन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर कनिष्ठ प्रमुख आरती, विनोद यादव, मीनाक्षी तिवारी, मनोज रावत, साकेत, परमेंद्र नौटियाल, कल्पना, सामो देवी, विरमा देवी, प्रवेश आदि मौजूूद रहे।