गोपेश्वर। जिलाधिकारी आशीष जोशी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रत्येक बुधवार को विद्यालयों का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं को पढ़ाने के निर्देश दिए।
जिला सभागार में सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार पर आयोजित बैठक में डीएम ने अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं में बेसिक ज्ञान की कमी देखने को मिली है। साथ ही छात्रों में सवाल-जवाब करने की क्षमता भी कम है। लिहाजा अधिकारी अपनी जानकारी के अनुसार विषय चयनित कर छात्रों को पढ़ाएं। उन्होंने अधिकारियों को छात्रों के साथ मित्रवत व्यवहार करते हुए मोबाइल नंबर छात्रों से साझा कर विषय संबंधित दिक्कतों को दूर करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को समय-समय पर छात्रों का सामान्य ज्ञान व विषय संबंधी परीक्षा कराने, विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति की जानकारी लेने, मिड-डे मील की जांच करने और अन्य स्कूल व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।