देवाल। ब्लाक मुख्यालय पर संचालित डाकघर में दो माह से काम ठप पड़ा है। ऐसे में उपभोक्ता यहां लेन-देन नहीं कर पा रहे हैं, यहां तक कि मनरेगा की मजदूरी के लिए भी श्रमिक परेशान हैं।
डाकघर अभिकर्ता हेमचंद्र मिश्रा और गोदाबंरी देवी का कहना है कि डाकघर में उपभोक्ताओं ने सुकन्या योजना, फिक्स डिपोजिट, रेगुलर डिपोजिट सहित बीमा के तहत कई योजनाओं में निवेश किया है। इनकी नियत राशि प्रति माह यहां जमा करनी होती है, लेकिन दो माह से यहां लेन-देन का काम नहीं हो रहा है और उपभोक्ताओं पर पेनल्टी लग रही है। यही नहीं लघु उद्यमियों और कारोबारियों के राष्ट्रीय विकास पत्र भी नहीं मिल पा रहे हैं तो मनरेगा श्रमिकों को मजदूरी के लिए दिक्कतें उठानी पड़ रही है। समाज कल्याण की वृद्धा, विकलांग सहित कई पेंशनधारकों को पेंशन के लिए डाकघर के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ब्लाक प्रमुख उर्मिला बिष्ट ने बताया कि बीडीसी बैठक में कई लोगों ने इस समस्या को उठाया लेकिन समस्या नहीं सुलझी। इधर डाकघर के उपडाकपाल पीडी मिश्रा ने बताया कि बीएसएनएल की कनेक्टिविटी नहीं होने से काम नहीं हो पा रहा है। वहीं बीएसएनएल के एसडीओ एके यादव ने कहा कि डाकघर को लीज लाइन पर इंटरनेट कनेक्टिविटी दी गई है। पूरे ब्लाक में इंटरनेट सही चल रहा है। डाकघर के निजी सर्वर में तकनीकी खराबी हो सकती है।