आदिबदरी। गुलदार के आतंक से भयजदा तोप गांव के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार रात जाग कर बिताई। गुलदार से बचने के लिए यहां वन विभाग की टीम के साथ ग्रामीणों ने पटाखे छोड़े।
बृहस्पतिवार सुबह तोप गांव के राजेंद्र सिंह सगोई के मुुर्गी बाड़े में गुलदार घुस गया था। इस दौरान सगोई ने गुलदार को बाड़े में कैद कर लिया। हालांकि गुलदार बाड़े की जाली तोड़कर भाग गया, लेकिन गुलदार के चार घंटे तक बाड़े में तांडव मचाने और जालियां तोड़ने में लहूलुहान होने से ग्रामीणों में भय था। इस कारण वन विभाग के वन दारोगा तोता राम और वन आरक्षी दिनेश सती गांव में रहे। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से ग्रामीण भी वन कर्मियों के साथ जागते रहे। वन दारोगा तोता राम ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को वन कर्मियों ने गांव के जंगलों में सर्च अभियान चलाया लेकिन गुलदार कहीं नहीं मिला। शुक्रवार को भी टीम गांव में ही रही।