गोपेश्वर। बदरीनाथ यात्रा रूट पर तीर्थयात्रियों को स्वच्छ पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। कुछ दिनों पहले हुई बारिश के कारण यात्रा रूट के पड़ावों के नलों से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। सबसे अधिक दिक्कत पीपलकोटी में बनी है। यहां नलों से पीला पानी आ रहा है। गोपेश्वर, चमोली, मैठाणा, छिनका, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, गौचर और जोशीमठ में भी यही स्थिति बनी हुई है।
जल निगम और जल संस्थान की ओर से जिले में किसी भी पेयजल योजना पर फिल्टर की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे नलों से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। पीपलकोटी में होटल व्यवसायी सज्जन लाल शाह का कहना है कि नलों से मिट्टीयुक्त पानी आ रहा है ऐसे में तीर्थयात्रियों को स्वच्छ पानी नहीं पिला पा रहे हैं। गोपेश्वर में भी सुभाष नगर, हल्दापानी, पटियालधार, नैग्वाड़ और कुंड कॉलोनी में नलों से गादयुक्त पानी आ रहा है। व्यापार संघ अध्यक्ष अंकोला पुरोहित का कहना है कि कई बार जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को इस संबंध में सूचित किया गया, लेकिन पानी की स्वच्छता पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जल संस्थान के सहायक अभियंता अरुण गुप्ता का कहना है कि पानी की स्वच्छता पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। गोपेश्वर के लिए सप्लाई हो रही अमृत गंगा पेयजल योजना पर फिल्टर टैंक के लिए शासन से दो करोड़ रुपये की डिमांड की गई है। जल्द ही नगर में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की जाएगी।