श्रीनगर। टिहरी जिले में सेना भर्ती पूर्व प्रशिक्षण के लिए यूथ फाउंडेशन का चयन कार्यक्रम शुरू हो गया है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को हिंडोलाखाल में शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 176 युवाओं और 29 युवतियों का चयन किया गया। क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने शिविर में पहुंचकर युवाओं का मार्गदर्शन किया।
यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल अजय कोठियाल के पहल पर भर्ती प्रशिक्षण के लिए चयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। फाउंडेशन ने हिंडोलाखाल में शिविर लगाकर अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन करने के पश्चात शारीरिक व चिकित्सा जांच की। उनके स्थायी निवास व शैक्षिक योग्यता से जुड़े दस्तावेजों के जांच के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई। फाउंडेशन के आमोद पंवार ने बताया कि शिविर में 540 युवकों और 95 युवतियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से 176 युवा व 29 युवतियां चयनित हुए। चयनित अभ्यर्थी फाउंडेशन की ओर से संचालित हो रहे प्रशिक्षण शिविरों में सेना भर्ती का प्रशिक्षण लेंगे। जहां उन्हें तीन माह तक निशुल्क शारीरिक व लिखित तैयारी कराई जाएगी। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख जयपाल पंवार, यूथ फाउंडेशन के कैप्टन धाम सिंह, कैप्टन रमेश कैंतुरा व सूबेदार दिग्विजय सिंह आदि मौजूद थे।