ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र की नदियों के आसपास की आबादी की सुरक्षा के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने बाढ़ और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए अभी से आवश्यक इंतजाम करने के लिए भी कहा है। लापरवाही बरतने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एक्शन की चेतावनी दी है। बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय में मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अफसरों को ऋषिकेश और समीपवर्ती ग्रामीण क्षेत्र छिद्दरवाला, साहबनगर, प्रतीतनगर, ठाकुरपुर, गौहरीमाफी, रायवाला, हरिपुकरकलां, श्यामपुर, खदरी खड़कमाफ आदि में जलभराव की समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम हर गिरि ने बताया कि आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होने पर शहर में तीन धर्मशालाओं को चिह्नित किया गया है। बाढ़ की स्थिति में ग्रामीण इलाकों में स्कूल व पंचायती भवनों में प्रभावित लोगों को ठहराने की व्यवस्था की जा रही है। सिंचाई विभाग के एसडीओ एसके ममगाईं ने बताया कि विभाग द्वारा छिद्दरवाला और गौहरीमाफी में सौंग नदी की बाढ़ से बचाव के लिए सुरक्षा कार्य किए जा चुके हैं। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि शहर में तमाम नालों व नालियों की सफाई करा ली गई है। आपात स्थिति में नालों के चौक होने पर 24 घंटे के लिए शहर में एक नाला गैंग की तैनाती की जा रही है, जिसमें करीब 10 सफाई कर्मचारियों को शामिल किया गया है। मौके पर नायब तहसीलदार केडी जोशी, कानूनगो भजन दत्त नौटियाल, सहायक अभियंता आनंद मिश्रवाण, अवर अभियंता उत्तम दास आदि मौजूद थे।