कर्णप्रयाग/श्रीनगर/गोपेश्वर/चंबा (टिहरी)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने मंगलवार को भाजपा राष्टीय अध्यक्ष अमित शाह पर लोकतंत्र के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न शहरों के थानों में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कर्णप्रयाग में संगठन के जिला उपाध्यक्ष सूरज सिंह ने कोतवाली में दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह लोकतंत्र के खिलाफ काम कर रहे हैं। श्रीनगर में भी एनएसयूआई ने कोतवाली में विरोध दर्ज किया। कार्यकर्ताओं ने शाह पर आरोप लगाते हुए ज्ञापन कोतवाल एनएस बिष्ट को सौंपा। इस दौरान गढ़वाल विवि के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मनोज रावत, विवि प्रतिनिधि अरुण नेगी, शिवाजी मौर्य, पंकज सती, सत्यम, भूपेंद्र सिंह, सूरज गुसाईं, हीना रावत, प्रकाश सिंह, कुलदीप पुंडीर और अभिषेक उनियाल आदि शामिल थे।
गोपेश्वर में एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष संदीप सिंह नेगी ने थाने में ज्ञापन देकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है। ज्ञापन देने वालों में पीजी कॉलेज गोपेश्वर के अध्यक्ष सुधीर बिष्ट, मोना रावत, मयंक कोठियाल, निताशी, पूनम, पार्वती, प्रेमा, सत्यम, राहुल नेगी आदि शामिल थे।
चंबा (टिहरी) में एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष हरिओम भट्ट, गौरव डबराल, अमनदीप, विपिन, जयदीप जुयाल, सचिन, धीरज कौशल, रविराज और उषा आदि ने थान में शिकायत दर्ज कराई। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि एनएसयूआई की ओर से मिली तहरीर मिली है, जिसे उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।