श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के ग्रामपंचायत थापली डुंगरा में पलायन के बाद गांव में बचे परिवार व वृद्ध पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना कि विगत दो सप्ताह से गांव में पेयजल आपूर्ति ठप है, जिससे उन्हें गदेरे के गंदले पानी से प्यास बुझानी पड़ रही है।
ग्रामीण मनोहर लाल उनियाल बताते हैं कि गांव में पेयजल की समस्या कोई नई बात नहीं हैं। माह में कई बार ग्रामीणों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ जाता है। बताया कि जर्जर योजना से पेयजल आपूर्ति ठप होने पर ग्रामीण गदेरे के गंदले पानी से प्यास बुझाने को मजबूर हैं। ग्रामीण विरेंद्र उनियाल, सुनील प्रसाद, भगवती प्रसाद उनियाल आदि ने शासन-प्रशासन से शीघ्र पेयजल आपूर्ति शुरू किए जाने की मांग की है। वहीं जल संस्थान के सहायक अभियंता गिरीश भट्ट ने बताया कि उन्हें किसी ने समस्या के बारे में जानकारी नहीं दी। अगर योजना का संचालन कार्य विभाग के पास होगा, तो समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाएगा।