गोपेश्वर। जिला सभागार में आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर में डीएम ने सड़क और किसी भी अन्य निर्माण को शुरू करने से पहले डंपिंग जोन के लिए स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए। डीएम आशीष जोशी ने कहा यदि किसी भी विभाग की ओर से मलबा निस्तारण में अनियमितता बरती गई तो तत्काल विभाग से जुर्माना वसूलना जाएगा।
जन शिकायत शिविर में पोखरी के कुमेड़ा गांव के ग्रामीणों ने पोखरी पुनर्गठन पेयजल योजना का लाभ देने की मांग उठाई। इस पर डीएम ने जल निगम को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। जीआईसी नंदप्रयाग के पीटीए अध्यक्ष नरेंद्र कठैत ने विज्ञान प्रयोगशाला के निर्माण की मांग उठाई तो शिक्षा विभाग के डीईओ आशुतोष भंडारी ने कहा कि विद्यालय में हाईस्कूल स्तर की प्रयोगशाला निर्माणाधीन है। डीएम ने सीएमओ डा. तृप्ति बहुगुणा से जिला अस्पताल में स्थापित जन औषधि केंद्र में दवाइयां उपलब्ध न होने पर जवाब मांगा। सीएमओ ने बताया कि दिल्ली से दवाइयां मंगाई गई हैं। मैहलचौंरी के धारापानी गांव की पुष्पा देवी ने समाज कल्याण विभाग से आर्थिक मदद की गुहार लगाई। क्षेत्र पंचायत सदस्य ईश्वर सिंह ने सरमोला, कुमेड़ा, गडूना, गेड़, सुनगड़, अमडालू गांव तक रसोई गैस की होम डिलिवरी करने, क्षतिग्रस्त पड़ी कुमेड़ा-खुनागाड़-पिठम तोक सिंचाई नहर की मरम्मत की मांग उठाई। डीएम ने अधिकारियों को जन शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।