पीपलकोटी। बदरीनाथ हाईवे पर पीपलकोटी के समीप भनीरपाणी तोक में एक बोलेरो अनियंत्रित होकर अलकनंदा में जा गिरी। कार में दो युवा सवार थे, जिनका कुछ पता नहीं चला। चमोली और पीपलकोटी पुलिस नदी में उनकी खोज में जुटी हुई है।
रविवार को शाम पांच बजे देवी हटवाल (32) पुत्र रमेश हटवाल, गांव बेमरु, पीपलकोटी अपने साथी राकेश मेहरा (19) पुत्र नारायण सिंह, गांव सुरेंडा, पीपलकोटी के साथ बोलेरो में जोशीमठ जा रहे थे। भनीरपाणाी तोक में बोलेरो अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी। जोशीमठ से लौट रहे एक बाइक सवार ने पीपलकोटी में स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची लेकिन वाहन में सवार दोनों लोगों का पता नहीं चला। पीपलकोटी चौकी प्रभारी विनोद गोला ने बताया कि हादसे वाली जगह पर बोलेरो के शीशे और टायर के व्हील केप पड़े मिले। स्थानीय लोगों ने इसे देवी हटवाल की बोलेरो बताया है। वाहन अलकनंदा नदी में डूब गया है और सवारों की खोज की जा रही है। क्षेत्र में तेज बारिश होने के कारण अलकनंदा में बोलेरो का पता नहीं चल पा रहा है।