गैरसैंण। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कोटा राजस्थान में आयोजित योग प्रतियोगिता में गैरसैंण की कविता और चंद्रमोहन ने बेहतर प्रदर्शन किया। दोनों भाई-बहन ने शीर्षपदमासन और सूर्यनमस्कार में शानदार प्रदर्शन कर गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराकर गैरसैंण और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। कविता ने लगातार एक घंटे शीर्षपदमासन और चंद्रमोहन ने 6 घंटे लगातार सूर्यनमस्कार करने का रिकार्ड बनाया है।
नगर के कोलियाणा निवासी बीरेंद्र सिंह सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद से नगर में एक दुकान का संचालन करते हैं। बाबा रामदेव के योग से प्रेरित होकर बीरेंद्र सिंह की बेटी कविता ने (21) राजकीय कन्या इंटर कालेज गैरसैंण से 12वीं करने के बाद पतंजलि विश्वविद्यालय में दाखिला लिया। कविता योग विषय में स्नातक कर रही है जबकि उसका छोटा भाई चंद्रमोहन पतंजलि विश्वविद्यालय में ही बीए प्रथम वर्ष में अध्ययनरत हैं। दोनों योग में माहिर हैं। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कोटा राजस्थान में आयोजित प्रतियोगिताओं में चंद्रमोहन और कविता ने भी प्रतिभाग किया। चंद्रमोहन ने बाबा रामदेव के सानिध्य में लगातार छह घंटे में 2500 बार सूर्य नमस्कार कर रिकार्ड बनाया, जबकि कविता ने एक घंटे तक शीर्षपदमासन किया। इस तरह दोनों ने अपना नाम गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड दर्ज कराया। कविता और चंद्रमोहन की सफलता पर रामचंद्र गौड़, पूर्व प्रमुख जानकी रावत, पृथ्वी सिह बिष्ट, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा सिंह पंवार आदि ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों ने गैरसैंण का मान बढ़ाया है।