बदरीनाथ। उत्तराखंड वन विभाग के 32 प्रशिक्षु रेंजर ने जड़ी-बूटी शोध संस्थान मंडल (गोपेश्वर) और बदरीनाथ धाम में पारिस्थितिकी का अध्ययन किया। प्रशिक्षु रेंजर 15 जुलाई तक उत्तराखंड के विभिन्न वन क्षेत्रों का भ्रमण कर जानकारी जुटाएंगे। जड़ी-बूटी शोध एवं विकास संस्थान में प्रशिक्षु रेंजर ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में होने वाली जड़ी-बूटियों और संरक्षित प्रजाति के पौधों की जानकारी ली।
संस्थान के निदेशक डा. जेसी कैम ने प्रशिक्षुओं को जड़ी-बूटी कृषिकरण और संवर्द्धन के लिए संस्थान की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. वीपी भट्ट ने प्रशिक्षुओं को जड़ी-बूटी के औषधीय उपयोग की जानकारी दी। वहीं, बदरीनाथ धाम में बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने प्रशिक्षु रेंजर को बदरीनाथ की जलवायु के बारे में बताया। इस मौके पर हेमंत बिष्ट, गौरव नेगी, पंकज ध्यानी, चेतना कांडपाल, चंदा मेहरा और पूजा चौहान आदि मौजूद थे।